मदरसे में “Made in Pakistan” लिखा पंखा मिलने से मचा हड़कंप
कुशीनगर: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में एक मदरसे से “Made in Pakistan” लिखा हुआ पंखा मिलने के बाद इलाके में चर्चा तेज हो गई है। यह मामला सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में तरह-तरह की बातें होने लगी हैं और लोग इसकी जांच की मांग कर रहे हैं। यह पूरा मामला विशुनपुरा थाना क्षेत्र के जंगल बिशुनपुरा गांव स्थित मदरसा कादरिया हकीकतुल उलूम का है। बताया जा रहा है कि मदरसे में लगे कुछ पुराने पंखों को ठीक कराने के लिए मौलवी उन्हें एक दुकान पर लेकर गए थे। जब दुकानदार और मैकेनिक पंखे की मरम्मत कर रहे थे, तभी एक पंखे पर “Made in Pakistan” लिखा हुआ दिखाई दिया। यह देखकर वहां मौजूद लोग हैरान रह गए। धीरे-धीरे यह बात पूरे इलाके में फैल गई और लोगों के बीच चर्चा शुरू हो गई कि पाकिस्तान में बना पंखा आखिर मदरसे तक कैसे पहुंचा।
सोशल मीडिया पर वायरल हुई तस्वीरें
पंखे की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगीं। तस्वीरें वायरल होने के बाद मामला और ज्यादा चर्चा में आ गया। कई लोग इसे गंभीर विषय मानते हुए प्रशासन से जांच कराने की मांग कर रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस बात की पूरी जांच होनी चाहिए कि यह पंखा कहां से आया और मदरसे तक कैसे पहुंचा।
पंखा देने वाले व्यक्ति ने क्या कहा?
इस मामले में पंखा देने वाले शमसुद्दीन ने बताया कि उनके बेटे ने कई साल पहले सऊदी अरब से कुरियर के जरिए यह पंखा भेजा था। उस समय से यह पंखा घर में रखा हुआ था।
उन्होंने कहा कि अब जब पंखा खराब हो गया तो उसे मरम्मत के लिए दुकान पर भेजा गया। वहीं जाकर पता चला कि पंखा पाकिस्तान में बना हुआ है। उन्होंने कहा कि उन्हें इससे ज्यादा जानकारी नहीं है।
मैकेनिक ने क्या बताया?
पंखा ठीक करने वाले मैकेनिक के अनुसार, मदरसे के मौलवी दो पंखे और एक मोटर रिपेयरिंग के लिए लेकर आए थे। जांच के दौरान एक पंखे पर “Made in Pakistan” लिखा दिखाई दिया। इसके बाद यह बात आसपास के लोगों तक पहुंच गई और मामला चर्चा का विषय बन गया।
लोग कर रहे जांच की मांग
घटना के बाद इलाके में अलग-अलग तरह की चर्चाएं चल रही हैं। कई लोग प्रशासन से मांग कर रहे हैं कि मामले की सही तरीके से जांच की जाए और सच्चाई सामने लाई जाए।
फिलहाल यह मामला सोशल मीडिया और स्थानीय लोगों के बीच चर्चा का केंद्र बना हुआ है।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 सच की तोप व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें


