यहां इतने सांप हैं… सड़क से गुजरना हो जाता है मुश्किल, रोड करनी पड़ती है जाम!

ADVERTISEMENTS
ख़बर शेयर करें

अमेरिका के इलिनोइस राज्य में एक ऐसी सड़क है, जिसे हर साल करीब चार महीने के लिए गाड़ियों के लिए बंद कर दिया जाता है. इस सड़क का नाम स्नेक रोड है. यहां सांप और दूसरे जीव मौसम बदलने पर एक जगह से दूसरी जगह जाते हैं.

प्रशासन साल में दो बार इस सड़क पर वाहनों की आवाजाही रोक देता है. ( Photo: ITG)

आमतौर पर सड़कें गाड़ियों की आवाजाही आसान बनाने के लिए बनाई जाती हैं. लेकिन क्या आपने कभी ऐसी सड़क के बारे में सुना है, जिसे इंसानों के लिए नहीं बल्कि सांपों और दूसरे जीवों के लिए बंद कर दिया जाता है? अमेरिका में एक ऐसी ही अनोखी सड़क है, जहां साल में करीब 4 महीने तक गाड़ियों की एंट्री पर रोक रहती है. हैरानी की बात यह है कि यहां सड़क बंद करने की वजह कोई हादसा, मरम्मत या ट्रैफिक जाम नहीं है, बल्कि सांपों की सुरक्षा है. इस सड़क पर गाड़ियां चलने से कई सांप और दूसरे छोटे जीव कुचलकर मर जाते थे. इसी खतरे को देखते हुए प्रशासन ने एक ऐसा फैसला लिया, जो वन्यजीवों की सुरक्षा की मिसाल बन गया है.

ADVERTISEMENTS

अमेरिका में कहां है सांपों के नाम वाली यह सड़क?
यह अनोखी सड़क अमेरिका के इलिनोइस राज्य में स्थित शॉनी नेशनल फॉरेस्ट के बीच से गुजरती है. इसे ‘स्नेक रोड’ के नाम से जाना जाता है. इसका आधिकारिक नाम फॉरेस्ट सर्विस रोड 345 है. करीब 4 किलोमीटर लंबी यह सड़क ला-रू रोड के नाम से भी मशहूर है. यह सड़क एक तरफ चूना पत्थर की ऊंची चट्टानों और दूसरी तरफ दलदली इलाके के बीच से गुजरती है. इस पूरे क्षेत्र में सांपों के अलावा कई तरह के दूसरे वन्यजीव भी रहते हैं. मौसम बदलने के साथ इन जीवों को अपना ठिकाना बदलना पड़ता है. इस दौरान उन्हें सड़क पार करके एक जगह से दूसरी जगह जाना होता है.

आखिर क्यों बंद कर दी जाती है यह सड़क?
दरअसल, यहां रहने वाले सांप और दूसरे जीव साल में दो बार अपना ठिकाना बदलते हैं. सर्दियों के दौरान ये जीव चूना पत्थर की चट्टानों के बीच सुरक्षित जगहों पर रहते हैं. मौसम गर्म होने पर ये वहां से निकलकर दलदली इलाके की तरफ जाते हैं. इसी तरह ठंड का मौसम आने पर ये दलदल से वापस चट्टानों की ओर लौटते हैं. इन दोनों जगहों के बीच जाने के लिए उन्हें इसी सड़क को पार करना पड़ता है. पहले जब सांप और दूसरे छोटे जीव सड़क पार करते थे, तो तेज रफ्तार गाड़ियों के नीचे आकर कुचल जाते थे. इससे बड़ी संख्या में वन्यजीवों की जान जाने का खतरा बना रहता था. इसी समस्या को देखते हुए अमेरिकी वन विभाग ने इस सड़क को साल में दो बार वाहनों के लिए बंद करने का फैसला लिया.

साल में किन महीनों में बंद रहती है सड़क?
स्नेक रोड को साल में दो बार करीब दो-दो महीने के लिए बंद किया जाता है. यानी कुल मिलाकर चार महीने तक यहां गाड़ियों की आवाजाही नहीं होती.

इसके लिए दो समय तय किए गए हैं.

पहली बार: 15 मार्च से 15 मई तक सड़क बंद रहती है. इस दौरान जीव चट्टानों से निकलकर दलदली इलाके की तरफ जाते हैं.
दूसरी बार: 1 सितंबर से 30 अक्टूबर तक सड़क बंद रहती है. इस दौरान जीव वापस चट्टानों की तरफ लौटते हैं.

इस तरह साल के बाकी आठ महीनों में इस सड़क पर गाड़ियों की आवाजाही की अनुमति रहती है. सड़क बंद करने का मकसद यह सुनिश्चित करना है कि सांप और दूसरे जीव बिना किसी खतरे के अपना रास्ता पार कर सकें.

सिर्फ सांप ही नहीं, इन जीवों को भी मिलता है फायदा
इस इलाके में केवल सांप ही नहीं रहते, बल्कि कई दूसरे छोटे जीव भी मौसम के हिसाब से अपना ठिकाना बदलते हैं. इनमें मेंढक, कछुए, न्यूट और सैलामैंडर जैसे जीव शामिल हैं. शॉनी नेशनल फॉरेस्ट करीब 2.89 लाख एकड़ में फैला हुआ है. यहां सांपों की लगभग 35 प्रवासी प्रजातियां और उभयचरों की 23 प्रजातियां पाई जाती हैं. इनमें कुछ जहरीले सांप भी शामिल हैं. टिम्बर रैटलस्नेक, कॉटनमाउथ और ईस्टर्न कॉपरहेड यहां मिलने वाले जहरीले सांपों में शामिल हैं. सड़क बंद होने से इन सभी जीवों को गाड़ियों के नीचे कुचलने से बचाने में मदद मिलती है.

सड़क बंद होने पर क्या इंसान भी नहीं जा सकते?
ऐसा नहीं है कि सड़क बंद होने के दौरान इंसानों के जाने पर भी पूरी तरह रोक लगा दी जाती है. इस समय लोग पैदल सड़क पर जा सकते हैं और प्राकृतिक वातावरण में इन जीवों को देख सकते हैं. हालांकि, वहां जाने वाले लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है. सांपों को छूना, पकड़ना या परेशान करना मना है. वन विभाग का मकसद इन जीवों को उनके प्राकृतिक वातावरण में सुरक्षित रहने देना है. शुरुआत में सड़क को इतने लंबे समय तक बंद रखने के फैसले का कुछ स्थानीय लोगों ने विरोध भी किया था. लेकिन धीरे-धीरे लोगों को समझ आया कि इससे वन्यजीवों की जान बचाने में मदद मिलती है.

वन्यजीवों को बचाने के लिए उठाया गया अनोखा कदम
आज के समय में सड़क, इमारतों और दूसरे निर्माण कार्यों के कारण जंगली जीवों के रहने की जगह लगातार कम हो रही है. ऐसे में अमेरिका की यह सड़क एक अलग उदाहरण पेश करती है. यहां प्रशासन ने सिर्फ गाड़ियों की आवाजाही को कुछ समय के लिए रोककर उन जीवों की सुरक्षा का इंतजाम किया है, जो खुद अपनी जान बचाने के लिए सड़क पार करते हैं. यह पहल बताती है कि विकास के साथ प्रकृति और वन्यजीवों की सुरक्षा का ध्यान रखना भी कितना जरूरी है.

ADVERTISEMENTS