गढ़वाल से ज्यादा धधक रहे कुमाऊं के जंगल, 24 घंटे में 12 जगहों पर लगी आग

ख़बर शेयर करें


गर्मी बढ़ने के साथ ही प्रदेश के जंगल भी धधकने लगे हैं। लगातार जंगलों में आग लगने की घटनाएं बढ़ती जा रही है। पिछले 24 घंटे में प्रदेश में 12 जगहों पर आग लगने की घटनाएं सामने आई हैं।

Ad
Ad


तापमान चढ़ने के साथ ही प्रदेश में आग लगने की घटनाएं भी बढ़ गई है। पिछले 24 घंटे में आग से 12 जगहों पर जंगल धधके। इस आग के कारण 13 हेक्टेयर से ज्यादा वन क्षेत्र प्रभावित हुआ है। जबकि नवंबर 2022 से अब तक 505 हेक्टेयर से भी ज्यादा वन क्षेत्र प्रभावित हुआ है।

कुमाऊं में ज्यादा धधक रहे जंगल
बीते दिन प्रदेश में 12 जगहों पर आग लगी। जिसमें ये सारी घटनाएं कुमाऊं में ही हुई। जबिक गढ़वाल और वन्य जीव क्षेत्र में आग की एक भी घटना नहीं हुई है। इस अग्निकाल की शुरूआत से ही कुमाऊं मंडल के जंगलों में ज्यादा आग की घटनाएं देखने को मिल रही हैं।

कुमाऊं में अब तक 238 और गढ़वाल में 175 घटनाएं आई सामने
मुख्य वन संरक्षक की ओर से जारी रिपोर्ट के अनुसार कुमाऊं में पिछले 24 घंटे में आरक्षित वन क्षेत्र में पांच और वन पंचायत क्षेत्र में सात घटनाएं हुई हैं।

जिसके बाद एक नवंबर 2022 से अब तक कुमाऊं मंडल में आग की 238 घटनाएं हो चुकी हैं। जबकि गढ़वाल मंडल में आग लगने की अब तक 134 एवं वन्य जीव क्षेत्र में 41 घटनाएं हुई हैं।