नैनीताल रोड के होटल में संदिग्ध गतिविधियों पर छापा, तीन महिलाएं हिरासत में

नैनीताल रोड स्थित बाजपुर के लेवड़ा पुल के पास एक होटल में बुधवार को एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (एएचटीयू) और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर दो महिलाओं एवं एक युवती को हिरासत में लिया। कार्रवाई के बाद होटल को सील कर दिया गया। घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार एएचटीयू प्रभारी संगीता चंद के नेतृत्व में गठित टीम ने स्थानीय पुलिस के साथ होटल में छापा मारा। टीम में कानूनगो कृपाल सिंह, लेखपाल हंसू लाल, कांस्टेबल सुरेश गिरी, महिला कांस्टेबल गीता जोशी तथा महिला उपनिरीक्षक कुसुम रावत शामिल रहीं।
छापेमारी के दौरान होटल से दो महिलाओं और एक युवती को हिरासत में लिया गया। बताया जा रहा है कि कार्रवाई के समय एक युवती और दो युवक होटल परिसर की दीवार फांदकर मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है। मौके से तीन मोटरसाइकिलें भी बरामद हुईं, जिन्हें कोतवाली पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। हिरासत में लिए गए लोगों से एएचटीयू टीम द्वारा पूछताछ की जा रही है।
अधिकारियों के अनुसार पूछताछ के बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी तथा संबंधित विभाग एवं परियोजना को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। पुलिस और प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का माहौल है। मामले की जांच जारी है और फरार व्यक्तियों की तलाश के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 सच की तोप व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें


