धामी सरकार पर जनता का भरोसा, BJP को इतनी सीटों का अनुमान,ग्राउंड सर्वे में रिपोर्ट आई सामने……

ADVERTISEMENTS
ख़बर शेयर करें

हालिया जमीनी सर्वे बताता है कि उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनावों से पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और बीजेपी को मजबूत समर्थन मिल रहा है। महिला आरक्षण, सांस्कृतिक संरक्षण और सभी आयु वर्ग व सामाजिक वर्गों से मिली मंजूरी, बीजेपी के लिए अनुकूल चुनावी राह का संकेत देती है।

उत्तराखंड में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले Times Now Navbharat के हालिया ग्राउंड सर्वे में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार के प्रति जनता के भरोसे का दावा सामने आया है। सर्वे के मुताबिक, यदि मौजूदा जनमत चुनावी नतीजों में बदलता है तो 70 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा को 54 सीटें मिलने का अनुमान है, जबकि कांग्रेस के खाते में 14 सीटें आने का अनुमान जताया गया है। सर्वे में अलग-अलग आयु वर्ग, सामाजिक समूह और प्रमुख मुद्दों को लेकर मतदाताओं की राय ली गई। इसके आधार पर मुख्यमंत्री धामी को विभिन्न वर्गों में समर्थन मिलने का दावा किया गया है।

.

सर्वे के अनुसार, महिलाओं को आरक्षण देने के मुद्दे पर मुख्यमंत्री धामी के फैसले को 88 प्रतिशत लोगों ने पूर्ण समर्थन दिया। वहीं, 5 प्रतिशत लोगों ने इसका पूर्ण विरोध किया। देवभूमि उत्तराखंड की पहचान और मूल स्वरूप को बचाने के प्रयासों को लेकर भी सर्वे में सकारात्मक प्रतिक्रिया का दावा किया गया है। इसके मुताबिक, 70 प्रतिशत लोगों ने मुख्यमंत्री के इन प्रयासों का पूर्ण समर्थन किया।

अलग-अलग सामाजिक वर्गों में भी समर्थन का दावा

सर्वे में सामाजिक वर्गों के आधार पर मुख्यमंत्री धामी को मिले समर्थन के आंकड़े भी सामने रखे गए हैं। इनमें बनिया/कायस्थ वर्ग में 57.3 प्रतिशत, OBC में 50.6 प्रतिशत, पंजाबी-सिख समुदाय में 49.7 प्रतिशत, ब्राह्मण वर्ग में 46.3 प्रतिशत, राजपूत वर्ग में 46.1 प्रतिशत और अनुसूचित जाति वर्ग में 45.3 प्रतिशत समर्थन दर्ज होने का दावा किया गया है। इन आंकड़ों के आधार पर सर्वे में मुख्यमंत्री की स्वीकार्यता विभिन्न सामाजिक वर्गों में होने का संकेत दिया गया है।

युवाओं से लेकर बुजुर्गों तक धामी को समर्थन

आयु वर्ग के आधार पर भी मुख्यमंत्री धामी को अलग-अलग पीढ़ियों से समर्थन मिलने का दावा किया गया है। सर्वे के अनुसार, 18-25 वर्ष के 37.8 प्रतिशत, 26-35 वर्ष के 43 प्रतिशत, 36-50 वर्ष के 46.8 प्रतिशत, 51-60 वर्ष के 50.3 प्रतिशत और 60 वर्ष से अधिक आयु के 51.8 प्रतिशत लोगों ने मुख्यमंत्री के प्रति समर्थन व्यक्त किया।

UCC, नकल विरोधी कानून और सुशासन का भी जिक्र

सर्वे के आंकड़ों को लेकर जारी प्रेस विज्ञप्ति में समान नागरिक संहिता (UCC), सख्त नकल विरोधी कानून, महिला सशक्तिकरण, देवभूमि के मूल स्वरूप की रक्षा, विकास और सुशासन से जुड़े फैसलों को मुख्यमंत्री धामी की स्वीकार्यता से जोड़ा गया है। प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, इन मुद्दों पर सरकार के फैसलों का प्रभाव विभिन्न सामाजिक और आयु वर्गों में दिखाई देता है।

2027 चुनाव से पहले BJP के लिए सकारात्मक संकेत

2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सर्वे में भाजपा को 54 और कांग्रेस को 14 सीटों का अनुमान लगाया गया है। प्रेस विज्ञप्ति में इसे धामी सरकार के लिए सकारात्मक संकेत बताया गया है। सर्वे के अनुसार, उत्तराखंड में विकास के साथ संस्कृति, पहचान और राज्य के मूल स्वरूप की रक्षा को प्राथमिकता देने वाली सरकार के प्रति जनता का भरोसा मजबूत बना हुआ है।

ADVERTISEMENTS