उत्तर भारत में ठंड से थमी जिंदगी, कोहरे और शीतलहर ने किया परेशान

ख़बर शेयर करें


उत्तर भारत के कई हिस्सों में शीत लहर का प्रकोप जारी है। हालात ये हैं कि पहाड़ों से ठंडी तो दिल्ली हो गई है। दिल्ली में गुरुवार को मौसम का सबसे ठंडा दिन दर्ज किया गया। पंजाब, झारखंड और बिहार में के कई शहरों में घने कोहरे और शीत लहर के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ठंड की वजह से ट्रेनें और फ्लाइट्स भी लेट चल रही हैं।

Ad
Ad


दिल्ली में ठंड के चलते Orange Alert
दिल्ली और एनसीआर में गुरुवार को न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4 डिग्री कम है। यह इस मौसम का सबसे ठंडा दिन रहा। मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली में शुक्रवार को भी शीतलहर की स्थिति बनी रहेगी जिसके चलते दिल्ली के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।


आईएमडी ने उत्तर भारत में अगले दो दिन में 2 से 4 डिग्री तक न्यूनतम तापमान गिरने की संभावना जताई है। मौसम विज्ञान विभाग ने बुधवार को दिल्ली-एनसीआर के लिए गुरुवार और शुक्रवार के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया था।


बीकानेर में शून्य पर पारा
उत्तर भारत में चल रही शीत लहर के बीच, राजस्थान के बीकानेर में न्यूनतम तापमान 0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं चूरू में न्यूनतम तापमान 1.0 डिग्री सेल्सियस और मध्य प्रदेश के नौगोंग, छतरपुर जिले में 0.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।


लखनऊ में Cold Day की चेतावनी
पंजाब में घने कोहरे और शीत लहर के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उत्तर प्रदेश में शीतलहर के साथ-साथ शुक्रवार सुबह कोहरा छाया रहा। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में शीतलहर का प्रकोप बरकरार है।


मौसम विभाग ने 8 जनवरी 2023 की सुबह तक कोल्ड डे की चेतावनी जारी की है। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एम दानिश ने बताया कि अगले तीन दिन सुबह और रात में कोहरा रहेगा। तीन दिन के बाद तापमान में इजाफा होने की संभावना है।


उत्तराखंड में बर्फबारी
पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के चलते 7 जनवरी, 2023 से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में छिटपुट वर्षा और बर्फबारी होने की संभावना है। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी के कारण मध्य प्रदेश में भी ठंड बढ़ गयी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मध्य प्रदेश के छह संभागों और 14 जिलों में मध्यम से घने कोहरे के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है।


मौसम विभाग के मुताबिक बृहस्पतिवार को मुक्तेश्वर में न्यूनतम तापमान 0.8, टिहरी में 2.9 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। जबकि, अधिकतम तापमान 15.6 डिग्री रहा। वहीं, राजधानी दून में न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री तक पहुंच गया। जबकि, अधिकतम तापमान 21.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।


मौसम विज्ञानियों ने अगले 48 घंटे बाद राज्य में पश्चिमी विक्षोभ की हल्की सक्रियता की संभावना जताई है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के मुताबिक शनिवार को मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।