कालाढूंगी तहसील में मतदाता सूची आपत्ति पर जवाब देने गए बुजुर्ग की सीढ़ियों से गिरकर मौत

ADVERTISEMENTS
ख़बर शेयर करें

कालाढूंगी तहसील में मतदाता सूची संबंधी आपत्ति का जवाब देने गए 80 वर्षीय बुजुर्ग की सीढ़ियों से गिरकर मौत हो …और पढ़ें

यह तस्वीर एआई जनरेटेड है
यह तस्वीर एआई जनरेटेड है

कालाढूंगी। एसआईआर के तहत मतदाता सूची में लगी आपत्ति का जवाब देने तहसील पहुंचे 80 वर्षीय बुजुर्ग की दो मंजिले भवन की सीढ़ियों से गिरने के बाद मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए शव घर ले गए। एसआईआर प्रक्रिया के तहत मतदाताओं के खिलाफ दर्ज आपत्तियों के निस्तारण की सुनवाई का सोमवार को अंतिम दिन था। इसके चलते तहसील में आपत्तियों का जवाब देने पहुंचे लोगों की काफी भीड़ रही।

कालाढूंगी के वार्ड नंबर चार निवासी सद्दाम हुसैन ने बताया कि उनके 80 वर्षीय दादा इब्ने हसन निर्वाचन नामावली में दर्ज आपत्ति का जवाब देने तहसील गए थे। उन्होंने संबंधित नोटिस का जवाब दाखिल किया।

इसके बाद दो मंजिले तहसील भवन से सीढ़ियों के रास्ते नीचे उतरते समय अचानक गश खाकर सीढ़ियों से गिर पड़े। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें उठाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कालाढूंगी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

एसएसआई पंकज जोशी ने बताया कि परिजन बिना पंचनामा और पोस्टमार्टम कराए शव घर ले गए। पुलिस को अस्पताल की ओर से मामले में कोई आधिकारिक सूचना नहीं मिली है।

दो मंजिले तहसील भवन तक पहुंचना बुजुर्गों के लिए बना आफत

दरअसल कालाढूंगी में एसआईआर प्रक्रिया के तहत मतदाताओं के खिलाफ दर्ज आपत्तियों का जवाब देने के लिए बुजुर्गों को तहसील के दो मंजिले भवन तक सीढ़ियां चढ़कर पहुंचना पड़ रहा है।

सोमवार को आपत्ति का जवाब देने पहुंचे 80 वर्षीय इब्ने हसन की सीढ़ियों से गिरने के बाद मौत ने व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मृतक के पोते सद्दाम हुसैन ने बताया कि उनके दादा इससे पहले कभी तहसील नहीं गए थे।

एसआईआर के तहत नोटिस मिलने के बाद वह काफी घबराए हुए थे। उनका कहना है कि नोटिस और तहसील पहुंचने को लेकर बनी चिंता ने बुजुर्ग पर मानसिक दबाव बढ़ा दिया था।

हालांकि, मौत का चिकित्सकीय कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। लोगों का कहना है कि एसआईआर के तहत आपत्तियों के निस्तारण के लिए बुजुर्ग मतदाताओं की सुविधा का भी ध्यान रखा जाना चाहिए, ताकि उन्हें अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े।

फर्जी आपत्तिकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई की मांग

कालाढूंगी में ही एसआईआर प्रक्रिया के तहत मतदाताओं के खिलाफ कथित तौर पर फर्जी आपत्तियां दर्ज किए जाने का आरोप लगाते हुए स्थानीय लोगों ने सोमवार को तहसील पहुंचकर एसडीएम सुधीर कुमार को ज्ञापन सौंपा।

उन्होंने कथित फर्जी आपत्तियां दर्ज कराने वालों के खिलाफ जांच कर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि कई वैध मतदाताओं के नाम पर फॉर्म नंबर-7 का कथित दुरुपयोग करते हुए ‘अब्सेंट’ और ‘परमानेंट शिफ्ट’ जैसी आपत्तियां दर्ज कराई गई हैं।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जिन लोगों के नाम से आपत्तियां दर्ज की गई हैं, उनमें कई लोगों ने इन आपत्तियों से अनभिज्ञता जताते हुए लिखित शिकायत और शपथपत्र भी दिए हैं।

उन्होंने मांग की कि ऐसी सभी आपत्तियों की निष्पक्ष जांच कराई जाए और जिन लोगों ने आपत्ति दर्ज कराने से इनकार किया है, उनके नाम से दर्ज आपत्तियों को निरस्त किया जाए।

साथ ही फॉर्म नंबर-7 का कथित दुरुपयोग कर वैध मतदाताओं को प्रभावित करने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए।

ज्ञापन देने वालों ने कहा कि फर्जी और निराधार आपत्तियों के आधार पर किसी भी वैध मतदाता का नाम मतदाता सूची से नहीं हटाया जाना चाहिए। उन्होंने आपत्तियों के निस्तारण में पारदर्शिता बरतने और संबंधित मतदाताओं को कार्रवाई की जानकारी देने की भी मांग की।

ज्ञापन देने वालों में वकील अहमद, एस. खान, जाहिद हबीबी, महमूद हसन बंजारा, शाकिर हुसैन, सरताज फारुकी, शाहनवाज, मुस्तजर फारुकी, सलमान वारसी रहे।

ADVERTISEMENTS