उत्तराखंड में HPV टीकाकरण अभियान ने पकड़ी रफ्तार, 84,707 किशोरियों को लगी वैक्सीन

उत्तराखंड में किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव प्रदान करने के उद्देश्य से संचालित एचपीवी (HPV) टीकाकरण अभियान तेजी से आगे बढ़ रहा है।
नक्शेदेखें
उत्तराखंड में HPV टीकाकरण अभियान ने पकड़ी रफ्तार
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व और स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग एवं राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के प्रयासों से प्रदेश में अब तक 84,707 किशोरियों का टीकाकरण किया जा चुका है। यह निर्धारित संशोधित लक्ष्य 95,000 के सापेक्ष 89.17 प्रतिशत उपलब्धि है। खास बात यह है कि प्रदेश के पांच जनपद अपने निर्धारित लक्ष्य से भी अधिक टीकाकरण कर चुके हैं।
समाचारपढ़ें
PM मोदी ने 28 फरवरी को किया था अभियान का शुभारंभ
पीएम मोदी ने 28 फरवरी 2026 को देशव्यापी एचपीवी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया था। अभियान का मुख्य उद्देश्य किशोरियों को भविष्य में सर्वाइकल कैंसर के खतरे से बचाव प्रदान करना है। इसके तहत 14 वर्ष की आयु पूरी कर चुकी और 15 वर्ष से कम आयु की पात्र किशोरियों को सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर निःशुल्क एचपीवी वैक्सीन लगाई जा रही है।
84,707 किशोरियों को लगाया टीका
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, उत्तराखंड के आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश में निर्धारित 95 हजार के संशोधित लक्ष्य के मुकाबले अब तक 84,707 किशोरियों को टीका लगाया जा चुका है। स्वास्थ्य विभाग अभियान को शत-प्रतिशत लक्ष्य तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है।
नक्शेदेखें
पांच जिलों ने 100 प्रतिशत से अधिक लक्ष्य किया हासिल
एचपीवी टीकाकरण अभियान में प्रदेश के पांच जनपदों ने उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए निर्धारित लक्ष्य को पीछे छोड़ दिया है। इनमें पिथौरागढ़ 101.80 प्रतिशत उपलब्धि के साथ सबसे आगे है। वहीं चमोली ने 101.39 प्रतिशत, उत्तरकाशी ने 100.85 प्रतिशत, ऊधम सिंह नगर ने 100.75 प्रतिशत और चम्पावत ने 100.62 प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया है। इन जनपदों में निर्धारित लक्ष्य से अधिक किशोरियों का टीकाकरण होना स्वास्थ्य विभाग के प्रयासों और अभियान की प्रभावी पहुंच को दर्शाता है। अन्य जनपदों में भी पात्र किशोरियों का टीकाकरण सुनिश्चित करने के लिए अभियान जारी है।
प्रदेश में अब तक आयोजित हुए 15,895 टीकाकरण सत्र
2 नवंबर 2026 की स्थिति के अनुसार, प्रदेशभर में एक दिन में 43 टीकाकरण सत्र नियोजित किए गए थे, जिनमें से 31 सत्र आयोजित हुए। इन सत्रों के माध्यम से कुल 57 किशोरियों को एचपीवी वैक्सीन लगाई गई। वहीं, अभियान की शुरुआत से अब तक प्रदेश में कुल 16,710 टीकाकरण सत्र नियोजित किए जा चुके हैं, जिनमें से 15,895 सत्र सफलतापूर्वक आयोजित हुए हैं। स्वास्थ्य विभाग का प्रयास है कि अभियान के माध्यम से प्रत्येक पात्र किशोरी तक टीकाकरण की सुविधा पहुंचाई जाए।
सर्वाइकल कैंसर से बचाव में महत्वपूर्ण है HPV वैक्सीन
एचपीवी संक्रमण सर्वाइकल कैंसर के प्रमुख कारणों में से एक है। एचपीवी वैक्सीन विशेष रूप से कैंसर के लिए जिम्मेदार प्रमुख वायरस प्रकारों एचपीवी-16 और एचपीवी-18 से बचाव में मदद करती है। निर्धारित आयु में टीकाकरण कराने से भविष्य में एचपीवी संक्रमण और इससे संबंधित सर्वाइकल कैंसर का जोखिम कम करने में महत्वपूर्ण मदद मिलती है।
अभिभावकों से की बेटियों का टीकाकरण कराने की अपील
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, उत्तराखंड ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी पात्र बेटियों को एचपीवी का निःशुल्क टीका अवश्य लगवाएं। इसके लिए नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क किया जा सकता है। निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार अभिभावकीय सहमति के साथ टीकाकरण की प्रक्रिया पूरी की जा सकती है।
नक्शेदेखें
किशोरियों का स्वस्थ भविष्य सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता: CM
सीएम धामी ने कहा कि प्रदेश सरकार किशोरियों के स्वास्थ्य की सुरक्षा और उन्हें गंभीर बीमारियों से बचाने के लिए प्रतिबद्ध है। एचपीवी टीकाकरण अभियान सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के मार्गदर्शन में संचालित इस अभियान को उत्तराखंड में प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जा रहा है। प्रदेश के पांच जनपदों का निर्धारित लक्ष्य से आगे निकलना स्वास्थ्य विभाग के समर्पित प्रयासों का परिणाम है। मुख्यमंत्री ने अभिभावकों से अपनी पात्र बेटियों का निःशुल्क टीकाकरण अवश्य कराने की अपील की, ताकि उनका भविष्य स्वस्थ और सुरक्षित बनाया जा सके
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 सच की तोप व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें


