हल्द्वानी-यहाँ तिराहे पर हुआ बड़ा हादसा,पढ़े खबर

ADVERTISEMENTS
ख़बर शेयर करें

हल्द्वानी के राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित मोतीनगर तिराहे का संवेदनशील कट सोमवार रात फिर हादसे का गवाह बना। रात करीब 9:30 बजे लालकुआं से हल्द्वानी जा रही किआ टैक्सी को पीछे से आ रही तेज रफ्तार ऑल्टो कार ने टक्कर मार दी।

टक्कर के बाद ऑल्टो डिवाइडर पर चढ़ गई और दूसरी दिशा में पलटने से बाल-बाल बची। हादसे में दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। गनीमत रही कि रात में ट्रैफिक कम होने से कोई जनहानि नहीं हुई।

शराब के नशे में होने की आशंका, चालक हिरासत में

किआ टैक्सी चालक पलविंदर सिंह निवासी गुमटी, लालकुआं ने बताया कि वह हल्द्वानी सवारी लेने जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आई ऑल्टो ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी। सूचना पर पहुंची 112 पुलिस टीम ने ऑल्टो चालक दर्शन सिंह जीना निवासी दोगड़ा, ज्योलीकोट को हिरासत में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने चालक के शराब के नशे में होने की बात कही है। हालांकि इसकी पुष्टि मेडिकल जांच के बाद ही होगी।

कुछ दिन पहले बाइक सवार की हुई थी मौत

स्थानीय लोगों के मुताबिक मोतीनगर तिराहे का यह कट लगातार हादसों का कारण बन रहा है। कुछ दिन पहले इसी जगह गलत दिशा से आ रहे वाहन की टक्कर में बाइक सवार की मौत हो गई थी। इसके बावजूद रॉन्ग साइड ड्राइविंग और तेज रफ्तार पर प्रभावी रोक नहीं लग पा रही है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि तिराहे पर रेडियम साइन बोर्ड और पर्याप्त लाइटिंग लगाई जाए। रात में पुलिस चेकिंग और गश्त बढ़ाई जाए। साथ ही शराब पीकर वाहन चलाने और रॉन्ग साइड आने वाले वाहन चालकों पर सख्त कार्रवाई की जाए।

ADVERTISEMENTS