पहले कैदियों ने रामलीला में किया प्रतिभाग, फिर वानर बन जेल से हो गए फरार, पुलिस परेशान

Ad
Ad
ख़बर शेयर करें
वानर बन कैदी जेल से फरार

रामलीला तो पूरे देश में बड़ी ही धूमधाम से आयोजित की जाती है। कई स्थानों पर ये अलग-अलग अंदाज में भी मनाई जाती है। लेकिन हरिद्वार के रोशनाबाद में रामलीला के दौरान कुछ ऐसा हुआ कि हर कोई हैरान हो गया। दरअसल यहां जेल में कैदियों के लिए रामलीला का आयोजन किया गया था। रामलीला के मंचन के दौरान दो आरोपी जो कि बंदर बने हुए थे सीता माता को ढूंढने गए और वापस नहीं आए। दोनों कैदी दीवार फांद कर जेल से फरार हो गए।

दो कैदी वानर बन जेल से हो गए फरार

उत्तराखंड के हरिद्वार के रोशनाबाद की जेल में रामलीला का मंचन किया जा रहा था। माता सीता की खोज करने का संवाद चल रहा था। लेकिन इसी दौरान जेल से दो कैदी जो की वानर बने हुए थे वो फरार हो गए। दोनों सीता माता की खोज के लिए गए और जेल की दीवार फांद कर वहां से फरार हो गए। इस घटना को सुन हर कोई हैरान है।

खूंखार हैं दोनों फरार अपराधी

मिली जानकारी के मुताबिक जेल से फरार दोनों अपराधी खूंखार अपराधी हैं। फरार कैदियो में से एक कैदी पंकज जो रुड़की का रहने वाला है। ये अपराधी हत्या के मामले में सजा काट रहा है। जबकि दूसरा कैदी राजकुमार गोंडा उत्तर प्रदेश का रहने वाला है। जो कि एक विचाराधीन कैदी है।

रामलीला और निर्माण कार्य का उठाया फायदा

बताया जा रहा है कि जहां एक ओर जेल में रामलीला का मंचन किया जा रहा था तो वहीं दूसरी ओर जेल में हाई सिक्योरिटी बैरक का निर्माण कराया जा रहा था। रामलीला और निर्माण कार्य का फायदा उठाकर ही दोनों जेल से भाग गए। निर्माण कार्य के दौरान दीवार पर एक सीढ़ी लगी हुई थी जिसकी मदद से दोनों दीवार फांद कर भाग गए। अब पुलिस दोनों की तलाश में जुट गई है। इसके साथ ही पुलिस इसकी जांच में भी जुट गई है कि किसकी गलती है।