हल्द्वानी- जनसुनवाई में आयुक्त दीपक रावत ने सुनीं जन समस्याएं, कई मामलों का मौके पर हुआ समाधान

ख़बर शेयर करें

 हल्द्वानी ,,25 जुलाई 2026  कुमाऊं आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने शनिवार को हल्द्वानी कैंप कार्यालय में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में लोगों की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई के दौरान भूमि विवाद, धोखाधड़ी, अवैध निर्माण, पारिवारिक विवाद, जाति प्रमाण पत्र, बैंकिंग, रोजगार और सड़क निर्माण सहित विभिन्न मामलों पर सुनवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

जनसुनवाई में गुरुवचन कौर की बिजनेस पार्टनरशिप में कथित धोखाधड़ी के मामले में आयुक्त ने संबंधित कंपनी से लिखित जानकारी, पूर्व लेनदेन का विवरण, बैंक स्टेटमेंट तथा नियमानुसार देय राशि लौटाने के निर्देश दिए।

मोटाहल्दू निवासी कमला देवी की खेत के ढलान और जलभराव से मकान को नुकसान पहुंचने की शिकायत का दोनों पक्षों की सहमति से मौके पर ही निस्तारण कराया गया। वहीं प्रियांशु मनराल और शंकर सिंह के संपत्ति व प्लॉट संबंधी विवादों के समाधान के लिए तहसीलदार हल्द्वानी को निर्देशित किया गया।

रामनगर निवासी बलजीत सिंह के सामान्य जाति प्रमाण पत्र के प्रकरण में तहसीलदार को शीघ्र प्रमाण पत्र जारी करने के निर्देश दिए गए, जबकि अंजू भारती की धोखाधड़ी संबंधी शिकायत पर लेखपाल को जल्द कार्रवाई करने को कहा गया। फ्रेंड्स कॉलोनी निवासी गोपाल राम की बैंक संबंधी शिकायत पर आयुक्त ने बैंक प्रबंधक को मौके पर बुलाकर समस्या के समाधान के निर्देश दिए।

कालाढूंगी के हिमांशु पलड़िया एवं अन्य लोगों द्वारा सीलिंग भूमि की बिक्री का मामला उठाए जाने पर आयुक्त ने भूमि विक्रेता के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी, ताकि मुकदमा दर्ज किया जा सके। साथ ही अपर जिलाधिकारी को सीलिंग भूमि से जुड़े मामलों की नियमित सुनवाई, लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण तथा आवश्यकतानुसार स्थगन आदेश की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सीमा रौतेला के दहेज और सामान वापसी के मामले में दोनों पक्षों को विवादित सामान की वीडियो रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखने की सलाह दी गई। रश्मि पवार के दो प्लॉट कथित रूप से गलत तरीके से बेचने के मामले में संबंधित व्यक्ति को बाजार मूल्य के अनुसार धनराशि लौटाने के निर्देश दिए गए।

दुग्ध संघ लालकुआं में संविदा कर्मी नीतू पांडे के मामले में आयुक्त ने अगले जनता दरबार में महाप्रबंधक को तलब करने का आश्वासन दिया। किसान मोर्चा अध्यक्ष महेंद्र सिंह नेगी की ओर से ग्रामीण सीसी मार्ग निर्माण की मांग पर मंडी समिति को प्रस्ताव तैयार कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

जवाहर नवोदय विद्यालय सुयालवाड़ी की संविदा महिला कर्मचारी को सेवा से हटाए जाने के मामले में, जो न्यायालय में विचाराधीन है, आयुक्त ने न्यायालय के अंतिम निर्णय और अगली सुनवाई तक संबंधित कर्मचारी को कार्य पर बनाए रखने के निर्देश दिए।

  • जनसुनवाई के दौरान आयुक्त दीपक रावत ने कहा कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध एवं पारदर्शी समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है और संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण पर गंभीरता से कार्रवाई सुनिश्चित करनी होगी
ADVERTISEMENTS Ad