फतेहपुर में दुष्कर्म मामले के आरोपी भाजपा कार्यकर्ता पर इनाम बढ़ाकर किया गया 1 लाख, अवैध कब्जे पर चला बुलडोजर

ख़बर शेयर करें

फतेहपुर में दुष्कर्म और वसूली के आरोपी भाजपा कार्यकर्ता बबलू पर इनाम राशि बढ़ाकर एक लाख रुपये कर दी गई है। पुलिस उसकी तलाश में कई राज्यों में छापेमारी …और पढ़ें

News Article Hero Image
खागा कस्बा में नौबस्ता रोड किनारे स्थित बेशकीमती भूमि से कब्जा हटाता बुलडोजर

फतेहपुर। मंगेतर संग घूमने गई युवती को बंधक बनाकर दुष्कर्म व अश्लील वीडियो बनाकर वसूली करने में नामित भाजपा कार्यकर्ता बबलू की गिरफ्तारी पर प्रयागराज जोन के एडीजी की ओर से पूर्व घोषित इनाम की राशि बढ़ाकर एक लाख रुपये का दी गई है।

धरपकड़ को जुटी पुलिस की सात टीमों में इंटेलीजेंस विंग, सर्विलांस, एसओजी व थानों की पुलिस टीम यूपी के प्रयागराज के छिंवकी, नैनी व चित्रकूट में छापेमारी कर रही है। वहीं दूसरी टीम फ्लाइट से गैर प्रांत मध्यप्रदेश के रीवां, इटारसी, गुजरात के सूरत, महाराष्ट्र में डेरा डाले हैं।

इटारसी से इनामी भाग निकला। गुरुवार शाम पुलिस ने खागा नगर पंचायत की जगह में बबलू सिंह के संरक्षण में हुए कब्जे पर पुलिस टीम ने नींव व पिलर के लिए गड़ी सरिया बुलडोजर से ढहा दी।

एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि तीनों आरोपितों पर गैंग्सटर की कार्रवाई प्रस्तावित है। इन आरोपितों द्वारा अवैध तरीके से अर्जित की गई संपत्तियों को गैंग्सटर 14 (1) के तहत कुर्क करने के लिए पुलिस टीमों ने चिन्हांकन भी शुरू करा दिया है।

बता दें कि खागा कोतवाली के एक गांव की युवती थरियांव क्षेत्र में रहने वाले अपने मंगेतर के साथ बीते 24 अप्रैल को सुबह दस बजे बाइक से बुआ के यहां घूमने जा रही थी। खागा के नौबस्ता चौराहा में रुककर पास में स्थित बाग में जाकर दोनों बातचीत करने लगे थे।

तभी खागा नगर के गढ़ी मोहल्ले में रहने वाले तीनों आरोपित युवराज सिंह, ललित सिंगरौर व भाजपाा कार्यकर्ता बबलू सिंह सिंगरौर एक-एक करके आ गए और युवती से छेड़खानी कर मंगेतर को बंधक बनाकर पीटा।

पीड़िता का आरोप था कि मंगेतर से वसूली के बाद उसके साथ दुष्कर्म कर धमकाया गया। हालांकि पुलिस ने युवराज सिंह व ललित सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था लेकिन बबलू सिंह फरार हो गया। जिसकी गिरफ्तारी पर एसपी ने 50 हजार का इनाम घोषित किया था और अब इनाम बढ़कर एक लाख हो गया है।

खागा इंस्पेक्टर संजय पांडेय ने बताया कि मुकदमे में नामजद तीनों आरोपितों की अवैध तरीके से अर्जित की गई संपत्ति का चिन्हांकन किया जा रहा है। जेल में बंद युवराज, ललित व फरार बबलू के आपराधिक इतिहास के आधार पर गैंग्सटर अधिनियम के तहत कार्रवाई की जायेगी। इसी के साथ फरार बबलू की खोजबीन की जा रही है।

75374589

एसपी बोले, पीड़िता से मिलने की अनुमति नहीं

एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने एवं पीड़ता की गोपनीयता की दृष्टि से किसी भी राजनीतिक दल अथवा संगठन को पीड़िता से मिलने की अनुमति नहीं प्रदान की गई है।

यदि किसी भी व्यक्ति, संगठन को पुलिस अथवा प्रशासन की कार्रवाई के संबंध में कोई आपत्ति अथवा स्पष्टीकरण अपेक्षित हो, तो वह एसपी व डीएम से सीधे संपर्क कर सकते हैं।

कोर्ट में शीघ्र दाखिल होगी चार्जशीट

सनसनीखेज प्रकरण में पुलिस आरोपितों के विरूद्ध कोर्ट में शीघ्र ही चार्जशीट दाखिल करेगी। प्रकरण को फास्ट ट्रैक के माध्यम से शीघ्र निस्तारण के लिए अभियोजन पक्ष के साथ समन्वय स्थापित कर रही है जिससे आरोपितों को कठोरतम दंड सुनश्चित कराया जा सके।स्वामी प्रसाद को लखनऊ में रोका, रास्ते में लगाई बैरीकेडिंग

खागा क्षेत्र में पीड़िता के घर जाने को रोकने के लिए पुलिस ने बैरीकेडिंग लगा रखी थी और यहां दिन भर भारी पुलिस बल मुस्तैद रहा। पीड़ित परिवार से मिलने आ रहे पूर्व मंत्री स्वामीप्रसाद मौर्य लखनऊ में ही रोक लिया गया।

प्रचलित वीडियो में स्वामी प्रसाद कह रहे हैं कि मैं संविधान व कानून का सम्मान करता हूं, एसपी के अनुरोध पीड़िता के यहां नहीं जा रहा हूं लेकिन हर हाल में आरोपित जिंदा या मुर्दा कल तक पुलिस के हाथ होना चाहिए।

कुछ लोग चार पहिया वाहन से पीड़िता के गांव तक पहुंच गये लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक लिया। जिस पर पुलिस से उसकी झड़प भी हुई लेकिन पुलिस ने नहीं मिलने दिया।