हल्द्वानी-तीनपानी फ्लाइओवर में सेना के वाहन ने कार में मारी जबरदस्त टक्कर, तीन घायल,

ख़बर शेयर करें

हल्द्वानी। बरेली रोड के तीनपानी बाईपास फ्लाईओवर पर रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। एक बार चार एवं उससे पूर्व दो दोस्तों की दर्दनाक मौत वाले हादसे का मामला अभी पूरी तरह शांत भी नही हुआ था कि देर शाम इसी फ्लाईओवर पर एक और बड़ा हादसा होते-होते टल गया। कार के पीछे से आ रहे सेना के ट्रक ने एक कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार सड़क से उतरकर फुटपाथ पर पहुंच गई और क्रश बैरियर से टकराकर रुक गई। यदि बैरियर कार को नहीं रोकता तो वह फ्लाईओवर से नीचे गिर सकती थी।
जानकारी के अनुसार नैनीताल जिले मे पंजीकृत ब्रेजा कार लालकुआं की ओर से तीनपानी बाईपास फ्लाईओवर होते हुए काठगोदाम जा रही थी। इसी दौरान पीछे चल रहे सेना के ट्रक ने कार को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कार के अगले पहिए सड़क से नीचे उतरने ही वाले थे, लेकिन इंजन जमीन से टकराने के कारण वाहन रुक गया और बड़ा हादसा टल गया। हादसे में कार सवार तीन लोगों को मामूली चोटें आईं। सूचना पर कोतवाली हल्द्वानी पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों का उपचार कराया। एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि हादसे की सूचना मिली है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है

ADVERTISEMENTS Ad