मंत्री गणेश जोशी पर आय से अधिक संपत्ति व मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप, ऐसे हुआ खुलासा

ख़बर शेयर करें



कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी पर आय से अधिक संपत्ति व मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप लगे हैं। ये खुलासा आरटीआई एक्टिविस्ट एडवोकेट विकेश नेगी ने आरटीआई और एडीआर रिपोर्ट के माध्यम से किया है।

Ad
Ad


आय से अधिक संपत्ति के मामले में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी घिर गए हैं। उनकी आय के लेकर आरटीआई एक्टिविस्ट एडवोकेट विकेश नेगी ने आरटीआई और एडीआर रिपोर्ट के माध्यम से खुलासा किया है कि पिछले 15 साल में गणेश जोशी करोड़ पति हो गए। उनके देहरादून और हरिद्वार में दस से अधिक प्लाट और फैक्ट्री हैं।

एडवोकेट विकेश नेगी के मुताबिक गणेश जोशी ने विधायक और मंत्री रहते हुए सिर्फ 36 लाख का वेतन लिया। लेकिन उन्होंने 2022 के चुनाव में जो हलफनामा दिया उसमें अपनी आय नौ करोड़ बताई है। एडवोकेट विकेश नेगी का कहना है कि मंत्री जोशी ने आय से कहीं अधिक संपत्ति अर्जित की है। उन्होंने इस मामले की विजिलेंस और प्रधानमंत्री कार्यालय को शिकायत की है।

एडवोकेट विकेश नेगी ने विजिलेंस को दी शिकायत
एडवोकेट विकेश नेगी ने विजिलेंस को आज दी गई शिकायत में कहा है कि कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी 2011 में 15 लाख 60 हजार 730 रुपए, साल 2012 में 44 लाख 61 हजार 590 रुपए, साल 2015 में 13 लाख 11 हजार 350 रुपए, साल 2016 में 30 लाख 33 हजार 980 रुपए, साल 2017 में 3 लाख 40 हजार 460 रुपए, साल 2018 में 36 लाख 74 हजार 480 रुपए, साल 2019 में 51 लाख 94 हजार 720 रुपए, साल 2020 में 73 लाख 10 हजार 800 रुपए, साल 2021 में 63 लाख 72 हजार रुपए, 2022 में एक करोड़ 46 लाख 48 हजार 520 रुपए की संपत्ति अपने, अपनी पुत्री नेहा जोशी, पुत्र मयंक जोशी अपनी पत्नी निर्मला जोशी के नाम से खरीदी। तब उनके पुत्र और पुत्री पूरी तरह से उन पर आश्रित थे। इस प्रकार गणेश जोशी ने इस अवधि में कुल पांच करोड़ आठ लाख 89 हजार 510 रुपए की संपत्ति खरीदी जो कि उनके ज्ञात आय स्रोतों से कहीं अधिक है।

इसके साथ ही विकेश नेगी ने कहा कि मंत्री गणेश जोशी ने अरुण गुप्ता और चेतना पंत के साथ मिलकर साल 2011 में 34 लाख 40 रुपए की संपत्ति बेची। जिसमें गणेश जोशी का एक तिहाई हिस्सा था। एक भूमि उनकी पत्नी निर्मला जोशी ने पट्टे पर दी जिसमें उनका चौथाई हिस्सा है। एडवोकेट विकेश नेगी ने कहा कि साल 2017 में भी गणेश जोशी की पत्नी निर्मला जोशी ने एक करोड़ 71 लाख 57 हजार की एक भूमि बेची जिसमें उनका चौथाई हिस्सा था। इसी तरह से निर्मला ने एक और जमीन इसी दिन 33 लाख 68 हजार की बेची। इसमे भी उनका चौथाई हिस्सा था।


गणेश जोशी पर लगे मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप
एडवोकेट विकेश नेगी के मुताबिक गणेश जोशी के बेटे मयंक जोशी ने अपनी पत्नी पंखुड़ी शर्मा को 8 मई 2019 को एक जमीन गिफ्ट में दी। जिसकी कीमत 6 लाख 15 हजार दर्शाई गई। ऐसे ही गणेश जोशी ने अपने बेटे मयंक जोशी को 2021 में एक संपत्ति दान में दी। गणेश जोशी के दामाद सौरभ नांगिया ने 2 करोड़ 76 लाख रुपए बाजारी मूल्य की भूमि अपनी पत्नी नेहा जोशी को दान स्वरूप दी। इसके बाद नेहा जोशी ने यही भूमि अपने भाई मयंक जोशी को दान कर दी। एडवोकेट विकेश नेगी के मुताबिक ये मनी लांड्रिंग है।

एडवोकेट विकेश नेगी ने खुलासा किया है कि गणेश जोशी के पुत्र मयंक जोशी ने पूर्व सीएम त्रिवेंद्र रावत के ओएसडी धीरेंद्र पंवार के साथ मिलकर सिडकुल की एक भूमि 45 लाख 95 हजार रुपये में पट्टे पर ली है। एडवोकेट नेगी के मुताबिक ये सब आय से बहुत अधिक है।


पद का दुरुपयोग कर अर्जित की आय से अधिक संपत्ति
एडवोकेट विकेश नेगी के मुताबिक 2007 के चुनाव में गणेश जोशी ने जो हलफनामा दायर किया था। उसमें कुल 42 लाख की संपत्ति दर्शायी थी। मजेदार बात ये है कि गणेश जोशी ने 2011 में जो आयकर रिटर्न भरा, उसमें अपनी आय महज तीन लाख 90 हजार 692 रुपये दर्शाई। साल 2012 के चुनाव में जो हलफनामा दिया गया था उसमें उन्होंने बैंकों में अपनी जमा पूंजी लगभग 13 लाख बतायी। एफडी और एनएससी से दस लाख की आय दिखाई। बच्चों की शिक्षा पर ऋण समेत 29 लाख 93 हजार का कर्ज दिखाया। चुनाव में गणेश जोशी ने 2012 में 9 लाख 55009, 2017 में 24 लाख 2 हजार 600 रुपये और 2022 में 29 लाख 99 हजार 222 रुपए का खर्च दर्शाया है।

एडवोकेट विकेश नेगी के अनुसार गणेश जोशी को एक विधायक और मंत्री के तौर पर 2007 से 2023 तक कुल 36 लाख 54 हजार रुपए वेतन के तौर पर मिला। जबकि 2022 में चुनाव हलफनामे में उन्होंने नौ करोड़ रुपए की संपत्ति बतायी है। एडवोकेट नेगी ने विजिलेंस से शिकायत की है कि गणेश जोशी ने पद का दुरुपयोग करते हुए आय से अधिक संपत्ति अर्जित की है। ऐसे में उनके खिलाफ धन शोधन पद के दुरुपयोग और आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के खिलाफ कार्रवाई की जाए।