प्रेम जाल में फंसाकर 3 साल तक संबंध बनाता रहा युवक, बिन ब्याही मां बनी युवती तो…

ADVERTISEMENTS Ad
ख़बर शेयर करें

young man had physical relations for three years woman became mother

एक युवती को नौकरी और शादी का झांसा देकर तीन साल तक दुष्कर्म का मामला सामने आया है।

  मानवता को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है। बहेड़ा थाना क्षेत्र की एक युवती को प्रेम जाल में फंसाकर, नौकरी और शादी का झांसा देकर तीन वर्षों तक यौन शोषण करने का आरोप लगा है। पीड़िता न केवल एक बच्ची की मां बनी, बल्कि अब न्याय की गुहार लगाने पर उसे जानलेवा हमले और सामाजिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ रहा है। मामले को लेकर हासी गांव निवासी आरोपी अभिषेक राय के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। बता दे कि मामला बिहार के दरभंगा जिले से है।

सोशल मीडिया से शुरू हुआ ‘छल’ का खेल 

परिजनों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, वर्ष 2022 में सोशल मीडिया के माध्यम से युवती की पहचान अभिषेक राय से हुई थी। धीरे-धीरे बातचीत प्रेम संबंधों में बदल गई। आरोपी ने युवती को बेहतर भविष्य और मुंबई में नौकरी दिलाने का लालच दिया। वर्ष 2023 में आरोपी उसे अपने साथ मुंबई ले गया, जहां शादी का झांसा देकर लगातार उसके साथ दुष्कर्म किया गया। इस दौरान युवती ने एक बेटी को जन्म दिया, जो अब तीन वर्ष की है। 

घर में घुसकर हमला और मासूम का अपहरण 

घटनाक्रम ने तब हिंसक मोड़ लिया जब 10 फरवरी 2026 को आरोपी युवती को वापस गांव लेकर आया। आरोप है कि 25 फरवरी को जब परिवार के सदस्य एक विवाह समारोह में गए थे, तब अभिषेक राय अपने पिता नवीन राय और चार अन्य अज्ञात लोगों के साथ पीड़िता के घर धमक पड़ा। आरोपियों ने युवती पर लोहे की रॉड से हमला किया, जिससे उसका सिर फट गया और वह लहूलुहान होकर बेहोश हो गई। जाते समय आरोपी अपनी तीन वर्षीय बेटी को भी साथ ले गया और उसे ‘बेचने’ की धमकी दी। बीच-बचाव करने आए युवती के भाई के साथ भी मारपीट की गई। 

आरोपी की दबंगई और धमकी 

पीड़िता के परिजनों का आरोप है कि आरोपी खुद को रसूखदार बताता है। वह फोन पर धमकी दे रहा है कि उसने पहले भी कई लड़कियों के साथ ऐसा किया है और कानून उसका कुछ नहीं बिगाड़ सकता। स्थानीय स्तर पर सुलह की कोशिशें नाकाम होने के बाद, हार मानकर परिजनों ने 21 मार्च को बहेड़ा थाना में लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। 

पुलिस की कार्रवाई 

बहेड़ा थाना पुलिस ने आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी की गिरफ्तारी और मासूम बच्ची की सकुशल बरामदगी के लिए छापेमारी कर रही है। 

ADVERTISEMENTS