उत्तराखंड कांग्रेस में कौन होगा CM फेस? पूर्व मुख्यमंत्री के बयान ने बढ़ाई सियासी हलचल, छिड़ी नई बहस

ADVERTISEMENTS
Ad
ख़बर शेयर करें

उत्तराखंड में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं। भाजपा और कांग्रेस समेत सभी राजनीतिक दल चुनावी रणनीति तैयार करने में जुटे हैं। इसी बीच पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत ने मुख्यमंत्री पद को लेकर अपनी बात रखी है। उन्होंने साफ कहा कि फिलहाल कांग्रेस का पूरा ध्यान विधानसभा चुनाव में 45 सीटों का आंकड़ा पार करने पर होना चाहिए। मुख्यमंत्री कौन बनेगा, इसका फैसला चुनाव के बाद पार्टी नेतृत्व और राहुल गांधी करेंगे।

ADVERTISEMENTS

हरीश रावत ने मुख्यमंत्री पद की दावेदारी से जुड़े सवाल पर कहा कि कांग्रेस के लिए सबसे जरूरी विधानसभा में 45 विधायकों की संख्या तक पहुंचना है। पार्टी को पहले चुनाव में जीत हासिल करने पर ध्यान देना चाहिए। इसके बाद विधायक दल और पार्टी नेतृत्व मिलकर मुख्यमंत्री के नाम पर निर्णय करेंगे।

पूर्व मुख्यमंत्री ने अपनी राजनीतिक भूमिका को लेकर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उनकी क्षमताओं के अनुरूप उन्हें सरकार और संगठन दोनों में जिम्मेदारियां सौंपी हैं। इसके लिए वह पार्टी के आभारी हैं। वह पहले भी इन जिम्मेदारियों का निर्वहन कर चुके हैं। उन्होंने कहा, ‘अब हमेशा एक ही सिक्का थोड़ी चलेगा। हमारे पास और भी योग्य लोग हैं।’

हरीश रावत के इस बयान के बाद प्रदेश कांग्रेस में नेतृत्व और मुख्यमंत्री पद को लेकर चल रही चर्चाओं को एक बार फिर हवा मिल गई है। उनके बयान को पार्टी में अन्य नेताओं को भी नेतृत्व की जिम्मेदारी मिलने की संभावना से जोड़कर देखा जा रहा है।

हालांकि, रावत ने अपने बयान में मुख्यमंत्री पद के लिए किसी नाम का समर्थन या विरोध करने के बजाय चुनाव में पार्टी की सीटों की संख्या को प्राथमिकता दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री का फैसला चुनाव के बाद पार्टी नेतृत्व और राहुल गांधी के स्तर पर होगा। ऐसे में 2027 के चुनाव से पहले कांग्रेस की रणनीति और नेतृत्व को लेकर होने वाली गतिविधियों पर राजनीतिक नजरें बनी रहेंगी।

ADVERTISEMENTS